विभाग ने इन 15 राज्यों में जारी की शीतलहर की चेतावनी

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली को शीतलहर से मामूली राहत मिलती जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन सुबह के वक्त कोहरे की चादर देखने को मिल रही है। दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिल्ली में कुछ जगहों पर सुबह के समय विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई। पश्चिम व उत्तर-पश्चिम से चलने वाली हवाओं से दिल्ली में ठिठुरन बढ़ने और तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 से 27 जनवरी तक उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर चलने का अनुमान है, जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।

उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय कोहरे की धुंध है, तो वहीं, पंजाब-हरियाणा, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, बंगाल, मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान समेत भारत के कुछ राज्‍यों में अगले 2-3 दिनों में शीतलहर के कारण ठंड बढ़ने का अनुमान है। साथ ही घने कोहरे की भी संभावना है।

यूपी में आज सुबह कई जगह मध्यम कोहरा छाया है। हालांकि बर्फीली हवा के कारण मौसम सर्द है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सुबह-शाम कोहरा पड़ेगा जबकि दोपहर में धूप खिलेगी। सोनभद्र के चुर्क स्थित मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में सर्द हवाओं के साथ पारा और गिर सकता है। सुबह सात बजे तक शून्य दृश्यता के साथ बहुत घना कोहरा रहा। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

वाहनों की रफ्तार भी कम रही। ठिठुरन के बीच दिनभर ठंडी हवाएं चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की वजह से ठंडी हवाएं चल रहीं हैं। कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में तेज हवा संग घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह और शाम को कोहरा पड़ेगा, जबकि दोपहर में धूप निकलेगी। अत्याधिक और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव रहेगा।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले 4 से 5 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तरी राजस्‍थान, असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, आगामी 2-3 दिनों के दौरान बिहार, उत्‍तरी मध्‍य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदल रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में 27 जनवरी को न्यूनतम तापमान एक बार फिर घटकर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, बर्फ से ढके पहाड़ों से बहने वाली सर्द, शुष्क हवाओं की वजह से सोमवार तक न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आएगी।

स्काईमेट के अनुसार, हवाओं ने एकाएक दिशाएं बदल ली हैं, जिसकी वजह से राजधानी पर शीत लहर का प्रकोप दिख रहा है। इस बार अब तक जनवरी में 5 दिन तापमान 5 डिग्री से कम रहा है। अब पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है। कुछ मैदानी इलाकों में बारिश होगी। ऐसे में अगले 48 घंटे में तापमान में 3 से 4 डिग्री का इजाफा हो सकता है। साथ ही, कोहरा भी बढ़ सकता है। वहीं, 25 से एक बार फिर ठंड का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ सकता है, जो जनवरी के अंत तक बना रहेगा।