विधानसभा चुनावों से पहले सक्रिय हुए धूमल, दिए ये संकेत

सुशील शर्मा। हमीरपुर

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल आगामी विधानसभा चुनावों में धूम मचाने को तैयार हैं। दो बार के मुख्यमंत्री धूमल ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। वह जिला के सराहकड़ में आयोजित एक कार्यक्रम में मीडिया से रूबरू हो रहे थे। आगामी विस चुनावों के लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोग मांग उठा रहे हैं। पार्टी हाईकमान इस पर निर्णय लेगी लेकिन सही समय पर सही निर्णय लिया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि अभी चुनाव दूर हैं। हवा बन रही है और लोग कह रहे है। लोगों की जो इच्छा होती है वह लोग व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि निर्णय पार्टी हाईकमान करता है। समय पर जो भी निर्णय होगा वह करेंगे।


भाजपा संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के प्रशिक्षण वर्गों में पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने इस बार सक्रिय रूप से हिस्सा लिया है। भाजपा संगठन के साथ धूमल भी आगामी विस चुनावों के लिए सक्रिय नजर आ रहे है। हिमाचल की राजनीति में दो बड़े चेहरों धूमल और वीरभद्र के बयानों और संकेतों का महत्व कम नहीं आंका जा सकता है। बेशक विधानसभा चुनाव अभी दूर है लेकिन हिमाचल भाजपा के वरिष्ठतम नेता धूमल के इस बयान ने सियासी सरगर्मियां जरूर बढ़ा दी हैं।