जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन 17 दिसम्बर को

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

जिला भाषा अधिकारी सुरेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन 17 दिसम्बर, 2021 को प्रातः 10 बजे धर्मशाला में किया जा रहा है। जिसमें भाग लेने के लिए जिला कांगड़ा के सभी पंजीकृत अथवा अपंजीकृत लोकनृत्य दल 14 दिसम्बर, 2021 तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय धर्मशाला में आवेदन कर सकते हैं। राणा ने बताया कि भाषा एवं संस्कृति विभाग प्रदेश की लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संबर्द्धन की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

विभाग द्वारा प्रति वर्ष सांस्कृतिक दलों तथा वादकों को प्रदेश में, प्रदेश के बाहर सांसकृतिक अवसरों, मेंल-त्यौहारों व विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाें हेतू भेजा जाता है। दलों के चयन के लिए विभाग द्वारा हर वर्ष जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लोक नृत्य को राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होता है। राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले लोक नृत्य दलों के लिए मानक निर्धारित किए गये हैं। उन्होंने बताया कि लोक नृत्यों दलों में नर्तकों की संख्या 18-20 के बीच नहीं होनी चाहिए, जिसमें दल के गायक वादक नृतक सम्मिलित होंगे। लोक नृत्य प्रतियोगिता की अवधि 12-15 मिनट होगी। प्रतियोगिता में पारम्परिक नृत्य, गीत एवं वादन ही प्रस्तुत किया जाएगा तथा संबंधित दल केवल अपने ही क्षेत्र का प्रचलित नृत्य, गीत एवं संगीत प्रस्तुत करेगा।

विभिन्न क्षेत्रों का मिलाजुला लोक नृत्य-गायक दल-वादक दल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा। लोकनृत्य दलों द्वारा परम्परागत वाद्य यत्रों का ही प्रयोग किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले नृतकों, गायकों व वादकों के परिधान एवं आभूषण परम्परागत एवं मूल होने चाहिए। निर्णायक मंडल द्वारा दिया गया निर्णय अन्तिम व सर्वमान्य होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मशाला कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01892-223240 पर सम्पर्क किया जा सकता है।