शराबी बाप बना अपनी ही बेटी का कातिल

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। ऊना

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के दौलतपुर चौक के गांव चलेट में एक व्यक्ति ने नशे में धुत होकर पत्नी-बेटी को बेरहमी से पीट डाला। मारपीट में घायल दो साल की मासूम बेटी ने दम तोड़ दिया जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। मामले में छानबीन की जा रही है। एसपी ऊना भी मौके पर पहुंच गए हैं।  एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार चलेट निवासी रविंद्र कुमार पुत्र सुभाष चंद ने शनिवार सुबह अपनी पत्नी सोनिका व दो साल की बेटी सानवी के साथ मारपीट की। घटना में घायल बच्ची को उपचार के लिए सीएचसी दौलतपुर चौक ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी की स्थिति भी गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मारपीट में उपयोग में लाई गए चीजों का पता लगा रही है।