हिमाचल में पड़ रही है रिकॉर्ड तोड़ ठंड, इस बार व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

पहाड़ों में बर्फबारी के चलते पूरा प्रदेश शीत लहर की चपेट में आ गया है। राजधानी शिमला धर्मशाला सहित कई शहरों का तापमान शून्य से नीचे लुढ़क जाने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की माने तो आगामी दो दिनों तक इस ठंड से निजात मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए शीत लहर का अलर्ट भी जारी किया है। वहीं आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से व्हाइट क्रिसमस की संभावना भी है।

प्रदेश में जहां रातों को कड़ाके की ठंड पड़ रही है वहीं दिनभर बर्फीली हवाओं से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। वीरवार देर शाम चम्बा के भरमौर लाहुल स्पीति में बर्फबारी हुई है। आज सुबह से शिमला सहित अधिकतर हिस्सो में आसमान में बादल उमड़े हुए है। हालांकि कल से मौसम के साफ रहने की संभावना है और 23 दिसम्बर से फिर पश्चमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी की सम्भावना है।

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि बीते 24 घण्टों के दौरान प्रदेश के चम्बा भरमौर ओर कुफरी में बर्फबारी हुई। प्रदेश में आगमी दो तीन दिन मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान तापमान में काफी गिरवाट दर्ज की जा रही है। शिमला में तापमान माइसन में चला गया है और 2015 के बाद बुधवार रात्रि -0.2तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के कई हिस्सों में 5 डिग्री तक तापमान में गिरावट आई है और जिससे शीतलहर चल रही है।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ थोड़ा कमजोर है जिससे ज्यादा असर नही होगा लेकिन आने वाले दिनों में 23 दिसंबर से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है और व्हाइट क्रिसमस की संभावना हो सकती है।