मंडी में शुरू हुआ एकल अभियान अंचल आचार्य प्रशिक्षण शिविर

उमेश भारद्वाज। मंडी
देश में स्वामी विवेकानंद के बताए संदेशों​​​​​​ पर चल कर गांवों में स्वराज लाने के उद्देश्य से एकल अभियान कार्य कर रहा है। इसके तहत मंडी के सांबल स्थित कार्यालय में संभाग उत्तर हिमाचल, भाग कुल्लु, अंचल मंडी की आचार्यों का प्रशिक्षण वर्ग शुरू हुआ। 10 दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में अंचल मंडी की लगभग 60 के करीब आचार्य भाग ले रहीं हैं।
जिन्हें प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न सत्रों में बौद्धिक, मानसिक व शारीरिक विकास को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सदर मंडल के भाजपा प्रवक्ता प्रमोद ठाकुर ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। वर्ग के शुभारंभ मौके पर गायत्री मंत्र, सरस्वती वंदना, विजय महामंत्र व श्री राम स्तुति की गई।
प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रमोद ठाकुर ने कहा कि एकल अभियान पूरे देश भर में समाज और आने वाले पीढ़ी को संस्कार युक्त शिक्षा देने का सराहनीय कार्य करने में लगा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भगवान राम के बताए मार्ग पर चलकर अभियान के तहत सभी जन सहभागिता के साथ राम राज्य लाने व गांवों को स्वराज देने का कार्य करेंगे।
वहीं, इस मौके पर एकल अभियान व एकल प्रशिक्षण वर्ग के बारे में जानकारी देते हुए मंडी अंचल समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि मंडी में 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण वर्ग में मौजूद आचार्यों को पंचमुखी शिक्षा के बारे में जानकारी और महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एकल अभियान से सभी मिलकर धरती की ताकत जगाएंगे और अपने गांव को स्वाभिमानी बनाएंगे इसी नारे को लेकर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आज के दौर में आधुनिकता की चकाचौंध में लोग अपने संस्कारों व परंपराओं को भूल बैठे हैं। जिन्हें फिर से उसी रूप में लाने के लिए संगठन कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि आज के समय में पंचमुखी शिक्षा जरूरी है जिसमें प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य शिक्षा, ग्राम विकास, जन जागरण व संस्कार शिक्षा शामिल है ताकि हमारा देश पुनः विश्व गुरु बन सके।
अंचल मंडी के आचार्यों के प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ मौके पर एकल अभियान से रूप लाल चौहान, ओम चंद शर्मा, पवन शर्मा, खजान सिंह, नीरज कुमार, ईशु कुमारी, समस्त अंचल टोली और 11 संचों के संच प्रमुख भी मौजूद रहे।