मैदानी इलाकों में धुंध ने बढ़ाई परेशानी

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला

 

हिमाचल प्रदेश में रात से सुबह तक निचले इलाकों में घनी धुंध छाई रही। मध्‍यम व ऊंचाई वाले क्षेत्र में धूप खिली होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन निचले इलाकों में धुंध ने सड़क पर चलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी कोहरा पडऩे की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। कई स्थानों पर बादल छाने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

शनिवार को प्रदेश में मैदानी क्षेत्रों में कोहरा पडऩे से न्यूनतम तापमान के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। दोपहर बाद बादल आने से अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। शिमला की तुलना में सुंदरनगर और सोलन में न्यूनतम तापमान कम दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री, जबकि सोलन का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 20 जनवरी तक मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान धर्मशाला व सुंदरनगर में एक समान 22.0 डिग्री दर्ज किया गया है।

प्रदेश में हिमपात से 181 सड़कों पर यातायात अब भी बंद है। वहीं, आठ ट्रांसफार्मर खराब हैं। लाहुल-स्पीति में 164, किन्नौर में 11, मंडी में तीन, कुल्लू में दो और शिमला में एक सड़क बंद है। किन्नौर में छह ट्रांसफार्मर खराब हैं और दो लाहुल-स्पीति में खराब हैं।