बंजार के देउठा में फाकड़े व लोकनृत्य प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी रहे कार्यक्रम के मुख्यातिथि

मनीष ठाकुर। कुल्लू

बंजार विकासखंड के अंतर्गत देउठा पंचायत में भाषा विभाग कुल्लू व प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के संयुक्त तत्त्वावधान में फाकड़े व लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हमारी पुरानी लोकसंस्कृति का संरक्षण व संवर्धन था जो आज पाश्चात्य संस्कृति के आगे विलुप्त हो रही है।

फाकड़े पहाड़ी परिवेश में मनोरंजन का साधन रहे हैं। ग्रामीण लोग सांयकाल एकत्र होकर हंसी-मजाक कर मनोरंजन करते थे। लेकिन आज की पीढ़ी मोबाइल फोन पर ही मनोरंजन में व्यस्त है। इस कार्यक्रम में बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी मुख्यातिथि के रूप में विराजमान रहे। ग्राम पंचायत प्रधान चंद्रा ठाकुर व उनकी टीम ने विधायक का भव्य स्वागत किया। इस कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका में शिव चंद, सिकंदर ठाकुर व धनेश गौतम रहे।

इस अवसर पर 9 महिला मंडलों व असंख्य लोगों ने अपनी प्रतिभागिता दी। इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू व भाषा विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति बहुत विशाल है। लेकिन वर्तमान समय में हम अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं और इसका संरक्षण जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपनी बोली पर गर्व करते थे तथा फाकड़े, पठाउणी के माध्यम से मनोरंजन करते थे लेकिन आज तो लोग रेडियो को भी भूल गए हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी प्राचीन संस्कृति का आने बाली पीढ़ी को भी मालूम होना चाहिए और इसलिए इसका संरक्षण व संवर्धन जरूरी है। इस अवसर पर प्रधान चंद्रा ठाकुर ने विधायक का कार्यक्रम में आने के लिए आभार प्रकट किया जबकि प्रेस क्लब के प्रधान धनेश गौतम ने कार्यक्रम के बारे विस्तृत जानकारी दी।