पूर्व विधायक राम सिंह पंचतत्व में विलीन, सीढिय़ों से गिरने से हुई थी मौत

उज्जवल हिमाचल। जोगिंद्रनगर

जोगिंद्रनगर के पूर्व विधायक राम सिंह का रविवार को गांव जयूणी (लांगणा) में अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोविड की पाबंदियों के कारण अधिक लोग अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हो पाए। शनिवार देर शाम सीढिय़ों से गिरने से उनका निधन हो गया था। वह 91 साल के थे। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार घर में सीढिय़ों पर अनियंत्रित होकर गिर पड़े थे, इससे पहले कि उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता उन्होंने घर पर ही दम तोड़ दिया। पूर्व विधायक की अचानक मौत की खबर से समूचे विधानसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है। जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज जम्वाल पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र पाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर राकेश धरवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव जीवन ठाकुर, राकेश चौहान, रंजन शर्मा, रोटरी क्लब और प्रेस क्लब जोगेंद्रनगर ने गहरा शोक व्यक्त किया है।