उज्जवल हिमाचल। सूरत
गुजरात के सूरत में वीरवार तड़के एक रासायनिक कारखाने में गैस रिसाव के बाद छह लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य बीमार हो गए, इन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सचिन औद्योगिक क्षेत्र के बाहर खड़े एक टैंकर से गैस का रिसाव हुआ, जिससे मजदूरों का दम घुटने लगा। गैस लीक होते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। बता दें कि सचिन जीआईडीसी सूरत का एक औद्योगिक क्षेत्र है। ये घटना वीरवार सुबह 4 बजे की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी देखें : मुख्यमंत्री ने मनाया अपना 57वां जन्मदिन…
इस घटना पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने संवेदना व्यक्त करने के लिए ट्विटर पर लिखा कि सूरत में गैस रिसाव के कारण दुर्भाग्य से कई लोग मारे गए हैं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके परिजनों को यह सहन करने की शक्ति मिले। मैं इस घटना में बीमार पड़ने वालों की सलामती के लिए भी प्रार्थना करता हूं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार वीरवार सुबह 5 बजे गैस लीकेज की घटना को लेकर फोन आया, मजदूरों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल लाया गया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो चुकी है ये लोग गैस लीक होने के कुछ मिनट बाद ही जमीन पर गिर पड़े थे। 20 मजदूरों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है, इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि कुछ खतरे से बाहर हैं। मिली जानकारी के अनुसार गैस लीक होते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया।
यह भी देखें : कैबिनेट बैठक में कोरोना को लेकर क्या लगी बंदिशें, सुनिए क्या बोले सुरेश भारद्वाज…
हादसे के बाद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते कुछ ही मिनट में पूरे परिसर में ये गैस फैल गयी। जिससे वहां उपस्थित लोगों का दम घुटने लगा। घटनास्थल पर ही छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गयी और 20 लोगों की हालत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मिल का एक कर्मचारी नाले में जहरीला केमिकल डाल रहा था, इसी समय गैस लीकेज के कारण इतना बड़ा हादसा हो गया।