पारंपरिक फसलों को विशेष पहचान दिलवाएं, नई कृषि तकनीक अपनाएं : डॉ. वत्स

उज्ज्वल हिमाचल। पालमपुर

चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र कुकुमसेरी में कुलपति डॉ. डीके वत्स की अध्यक्षता में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. वत्स ने समय के साथ नई कृषि तकनीकों को अपनानें, मशीनीकरण, जनजातीय क्षेत्रों में पाई जाने वाली विभिन्न गुणों से परिपूर्ण पारंपरिक फसलों को विशेष पहचान दिलाने पर बल दिया।

अपनी समस्याओं को वैज्ञानिकों के समाने रखें किसान

उन्होंने किसानों की सहायता के लिए वैज्ञानिकों को यथासंभव जानकारी उपलब्ध करवाते हुए मदद करवाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र तथा अनुसंधान केंद्र की भूमिका पर भी चर्चा की। डॉ. वत्स ने कहा कि किसानों को भी अपनी समस्याएं वैज्ञानिकों के सामने सीधे रखते हुए समाधान के लिए आगे आना चाहिए। उनकी बताई समस्याओं से ही वैज्ञानिक समस्याओं का समाधान कर फसलों के उत्पादन में वृद्धि करवा सकते हैं।

यह भी पढ़ेंः हिमाचल की पहाड़ियों में बर्फबारी, मैदानी इलाके हुए कूल-कूल

पशुपालकों को आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर की चर्चा

प्रसार निदेशक डॉ. नवीन कुमार ने बैठक में विभिन्न प्रसार गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए शुष्क शीतोष्ण क्षेत्रों में चारा प्रबंधन व उत्पादन पर जानकारी देते हुए पशुओं में आ रही अफारे की समस्या तथा अनुमोदित फसलों की किस्मों को लगाने पर बल दिया। डॉ. जीसी नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के डॉ. रविंद्र कुमार ने पशुपालकों की जनजातीय क्षेत्रों में आ रही समस्याओं जैसे गर्भधारण में कठिनाई, आवारा कुत्तों की समस्या से निपटनेए मुर्गी पालन को लेकर विशेष शिविर लगाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र कुकुमसेरी के कार्यक्रम समन्वयक डाक्टर पंकज चोपड़ा ने बैठक की विस्तृत जानकारी रखते हुए वर्ष 2024 में किए जाने वाले कार्याे का ब्योरा रखते हुए विगत वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। बैठक में वरिष्ठ कीट विज्ञानी डॉ. पीसी शर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र बजौरा की कार्यक्रम समन्वयक डॉक्टर चंद्रकांता, डॉक्टर रमेश राणा, पादप प्रजनक डॉक्टर उत्तम चंदेल, डॉक्टर राधिका नेगी, डॉक्टर शबनम कटोच, डॉक्टर आशिता बिष्ट सहित जिला के कृषि व संबंधित विभागों के अधिकारियों व प्रगतिशील किसानों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

ब्यूरो रिपोर्ट पालमपुर

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें