कश्मीर में शिकारियों ने मौत के घाट उतारे दो जंगली सांभर

एसके शर्मा।  हमीरपुर
वन वीट कश्मीर में शिकारियों ने दो सांभरों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। शिकारी अभी इन जानवरों को मारकर ले जाने ही वाले थे कि वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। विभागीय कर्मचारियों के आने की आहट सुनकर शिकारी मौके से भाग गए। उधर, वन विभाग ने पुलिस को सूचना देकर मृत जानवरों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और वन विभाग छानबीन में जुट गए हैं।पुलिस शिकारियों की तलाश कर रही है।
वन विभाग की कश्मीर बीट में आठ से दस शिकारियों की टोली ने दो जंगली सांभरों को मार गिराया। शिकारी सांभरों का चमड़ा उतारने की तैयारी कर रहे थे कि इसकी सूचना वन विभाग को मिल गई। जैसे ही वन विभाग के दो कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो शिकारी अपना शिकार छोड़कर भाग गए। वन विभाग की टीम ने दोनों सांभरों को अपने कब्जे में ले लिया है। अब विभाग उनका पोस्टमार्टम करवाकर शिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करेगा। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही शिकारी टोलियां बनाकर साथ में अपने कुत्तों को लेकर शिकार की तलाश में जंगल-जंगल घूम रहे हैं। जिससे जंगली मुर्गों, सुअर, सांभर, सैल, कक्कड, बारहसिंगा आदि कई प्रजातियों का अस्तित्व खतरे में है। वन्य प्राणियों का अवैध शिकार किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह से अवैध शिकार होता रहा तो कई वन्य प्राणियों की प्रजातियां लुप्त हो जाएंगी।

डीएफओ वन विभाग एलसी बंदना ने कहा कि कर्मचारियों को गोलियों की आवाज सुनाई दी। जिससे अवैध शिकार का पता चला। ज्यों ही हमारे कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो शिकारी नाले में थे। कर्मचारियों को देखकर वह भाग गए। दो जंगली सांभरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। शिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाकर छानबीन की जा रही है।