आज हिमाचल प्रदेश पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति चिह्न, राज्‍यपाल राजेंद्र आर्लेकर शिमला में करेंगे सम्मानित

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश पुलिस को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर पहली दिसंबर को रिज मैदान पर होने वाले समारोह में राष्ट्रपति चिह्न से सम्मानित करेंगे। प्रदेश पुलिस को 17 मार्च, 2019 को राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति चिह्न से सम्मानित किया गया था। अब यह राज्यपाल द्वारा प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकारें भारत सरकार से अपने राज्य पुलिस बल को राष्ट्रपति के निशान से सम्मानित करने का प्रस्ताव करती हैं।

भारत सरकार निर्धारित मानदंडों और मानकों के आधार पर प्रस्ताव की जांच करती है और उसके बाद राष्ट्रपति की ओर से विचार करने के बाद ही यह प्रदान किया जाता है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने बताया कि यह पुरस्कार मानवता की सेवा में हमारे कार्य का प्रतिबिंब है। ये हमारे लिए गर्व का दिन होगा और हिमाचल पुलिस को इसे उसके कर्मियों के योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। इस निशान चिह्न के ध्वज को राज्य के हर पुलिस कार्यालय व वाहिनी कार्यालयों पर फहराया जाएगा। पुलिस कर्मी निशान का प्रतीक अपनी वर्दी पर भी लगाएंगे।