हिमाचल की पूर्व महिला क्रिकेटर को गुजरात पुलिस ने किया गिरफ्तार, 27 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल की पूर्व महिला क्रिकेटर को लाखों की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जिला कांगड़ा में यह सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें गुजरात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांगड़ा जिला के रानीताल से संबध रखने वाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी को गुजरात पुलिस ने 27 लाख की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी खिलाड़ी को देहरा न्यायालय में पेश कर उसेे ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया है।

रानीताल निवासी इस पूर्व खिलाड़ी के खिलाफ गुजरात में एक युवा क्रिकेटर ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने आरोप लगाया था कि उसे रणजी ट्रॉफी का हिस्सा बनाने का लालच देकर पैसे लिए गए, लेकिन पैसे लेने के बाद भी उसे रणजी ट्राफी में खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस में की।

युवा क्रिकेटर की शिकायत पर गुजरात पुलिस ने महिला खिलाड़ी के खिलाफ 420 का मामला दर्ज किया था, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसे देहरा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया है।

उधर, डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि हिमाचल की पूर्व क्रिकेटर को गुजरात की सूरत पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है और न्यायालय में पेश करके ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। हरियाणा में भी उक्त आरोपी खिलाड़ी ने इसी तरह की धोखाधड़ी की है और उस मामले में कार्रवाई चल रही है। अब एक और मामला उजागर हुआ है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।