प्रतिभा सिंह के विवादित बयान पर भड़की BJP महिला मोर्चा, सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की उठाई मांग

उज्जवल हिमाचल। शिमला

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा जुब्बल कोटखाई के गुड़िया कांड को छोटी सी घटना बताए जाने पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि घर सूद ने बुधवार को जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह के बयान को असंवैधानिक और संवेदनहीन करार दिया।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह का बयान कांग्रेस के चरित्र और चेहरे को दर्शाने वाला है। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रतिभा सिंह से पहले उनके पति स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी इस घटना को मामूली घटना करार देकर मृतक गुड़िया, उसके परिजनों और पूरी नारी जाति का अपमान कर चुके हैं।

वहीं, उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह का हालिया बयान उनकी रजवाड़ाशाही को भी दिखाता है। उन्होंने कहा कि एक महिला होकर प्रतिभा सिंह द्वारा इस तरह की बयानबाजी करना बेहद शर्मनाक है और भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि यदि 2 दिन के भीतर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष इस मामले पर माफी नहीं मांगती है, तो भारतीय जनता महिला मोर्चा शिमला स्थित उनके आवास हॉली लॉज का घेराव करके उनके खिलाफ प्रदर्शन करेगी।