नरेंद्र बरागटा के निधन के चलते मंत्रिमंडल बैठक स्थगित, भाजपा ने रद्द किए सारे कार्यक्रम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

भाजपा के जुब्बल कोटखाई से विधायक व मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा के निधन के चलते हिमाचल सरकार की आज होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। कैबिनेट की बैठक आज शिमला के पीटरहॉफ में साढ़े दस बजे होनी थी। वहीं भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने आज अपने सभी पार्टी के कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि बड़े दुखी मन से आप सभी को सूचित किया जाता है कि आज भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता, वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचेतक एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा जी को खो दिया, आज सुबह पीजीआई चंडीगढ़ में उनका निधन हो गया। यह भाजपा हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत दुखद समाचार है। आज हमने एक ईमानदार एवं कर्मठ नेता को खोया है। भाजपा की ओर से नरेंद्र बरागटा को भाजपा कार्यालय दीपकमल चक्कर मे उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।