नादौन केयर फाउंडेशन को हिमाचल गौरव अवार्ड

एमसी शर्मा। नादौन 
रक्तदान अभियान के लिए दिन-रात कार्यरत नादौन केयर फाउंडेशन को शहीदी दिवस के अवसर पर हिमाचल गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया। रक्तदान क्षेत्र में प्रदेश की अग्रणी संस्था हिमालयन सेवियर ने कांगड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नादौन केयर फाउंडेशन को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा है। संस्था की ओर से आशु मेहरा ने पद्मश्री करतार सिंह सोंखलें के हाथों यह सम्मान हासिल किया। आशु मेहरा ने बताया कि पद्मश्री करतार सिंह से यह सम्मान मिलना और भी गौरव की बात है। उन्होंने हिमालयन सेवियर सहित हरीश कुमार, सनी कोल, निशांत शर्मा व इससे जुड़े तमाम सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने इस अवार्ड को नादौन केयर फाउंडेशन के समस्त रक्त वीरों को समर्पित किया। संस्था के अध्यक्ष शुभम कपिल ने अपनी समस्त टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीम के अथक मेहनत का परिणाम है। गौर हो कि नादौन केयर फाउंडेशन ने अपने दो बरस के सफर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। लॉकडाउन के दौरान संस्था ने अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने का बीड़ा उठाया और इसे बखूबी निभाया भी, यही क्रम अब तक जारी है। संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और युवाओं व स्वस्थ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभी भी आपात स्थिति में यदि किसी रोगी को रक्त की आवश्यकता पड़ती है तो संस्था के रक्त वीर बिना किसी स्वार्थ के तुरंत रक्त उपलब्ध करवाने को तत्पर रहते हैं। ऐसे में संस्था ने कई रोगियों की जान बचाई है। कपिल ने कहा है कि उनका यह अभियान आगे भी बदस्तूर जारी रहेगा।