उज्जवल हिमाचल। ज्वालामुखी
सुराणी के पंचायत सचिव ने घर के नजदीक पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति की पहचान विनोद कुमार पुत्र बाबू राम (33) निवासी बल्लवागडू (मझीण) के रूप में हुई है। पुलिस प्राप्त जानकारी अनुसार विनोद कुमार पंचायत सुराणी में बतौर पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत था।
रविवार दोपहर बाद विनोद अपने घर से चला गया। कुछ समय के बाद स्थानीय लोगों ने विनोद को घर से ही कुछ दूरी पर पेड़ से लटका हुआ देखा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेज दिया है।
परिजनों के बयान कलमबद्ध करने पर जानकारी मिली कि विनोद मानसिक रूप से परेशान रहता था। मृतक अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया है। थाना प्रभारी प्यार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।