हिमाचलः आज से डाक्‍टरों की पेन डाउन स्‍ट्राइक, इन चार मांगों पर अड़े चिकित्सक पढ़े पूरी डिटेल

उज्जवल हिमाचल। शिमला

छठे वेतन आयोग की वेतन विसंगतियों के विरोध में अब डाक्टरों का संयुक्त मोर्चा सामने आया है। हिमाचल प्रदेश में आज वीरवार से डाक्टर पेन डाउन स्ट्राइक पर जाएंगे। इनमें वेटरनरी, एलोपैथी व आयुर्वेद से लेकर सभी श्रेणियां शामिल हैं। डाक्‍टर 10 से 17 फरवरी तक पेन डाउन स्ट्राइक करेंगे। यह आंदोलन का पहला चरण होगा। फिर भी सरकार ने मांगें न मानी तो मास कैजुअल लीव पर होंगे। इसके बाद भी पक्ष में फैसला न आया तो अगला कड़ा कदम उठाएंगे। उस स्थिति में आंदोलन और तेज होगा। प्रदेश में आज डाक्‍टर दो घंटे तक सेवाएं नहीं देंगे।

हालांकि इमरजेंसी में सेवाएं मिलती रहेंगी। सुबह साढ़े नौ से साढ़े 11 बजे तक डाक्‍टरों की हड़ताल रहेगी। हिमाचल प्रदेश पशु चिकित्सक संघ के प्रदेश महासचिव डाॅ. मधुर गुप्ता ने कहा कि सभी डाक्टरों के साथ वेतन विसंगतियां सामने आई हैं।

चार प्रमुख बिंदुओं पर संघ संयुक्त मोर्चा के साथ खड़ा है।

वेटरनरी डाक्टरों का उच्चतर वेतनमान पंजाब में 2 लाख 37 हजार है तो हिमाचल ने इसे 2 लाख 18 हजार पर फ्रीज कर दिया है। पंजाब से कम क्यों किया गया, इस पर रोष है। दूसरा, 2015 में बेसिक पे कम बढ़ाई गई। हर डाक्टर को 10 से 20 हजार तक कम बेसिक पे बनाई गई। अब मौजूदा सरकार ने तीन जनवरी के बाद डाइनेमिक एश्योर्ड कैरियर एंश्योरेंस स्कीम बंद कर दी है। इसे बहाल किया जाए। चौथा, अनुबंध पर कार्यरत डाक्टरों को न्यूनतम बेसिक पे दी जाए न की उन्हें बेसिक पे का 60 प्रतिशत पर फिक्स किया जाए। इससे डाक्टरों का वेतन कम हो रहा है।