हिमाचल पुलिस ने दिल्ली में पकड़ी 30 करोड़ की हेरोइन

डीजीपी ने थपथपाई कुल्लू पुलिस की पीठ, 6 किलो की है खेप

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

हिमाचल पुलिस ने दिल्ली में 30 करोड़ की 6 किलो हेरोइन पकड़ी है। इसमें शामिल हेरोइन माफिया को गिरफ्तार कर कुल्लू लाया गया। हिमाचल में आज तक की सबसे बड़ी खेप है। दिल्ली में हिमाचल पुलिस की ओर से छह किलोग्राम हेरोइन पकड़ी गई है। इस अभियान में दिल्ली पुलिस का भी पूरा सहयोग रहा है। डीजीपी संजय कुंडू ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 30 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की गई है।

अफ्रीका का रहने वाला है आरोपी

आरोपित अफ्रीकी मूल का बताया जा रहा है। हेरोइन की खेप अफगानिस्तान रूट से भारत में लाई गई थी। डीजीपी संजय कुंडू ने इस कामयाबी के लिए एसपी कुल्लू गौरव सिंह व उनकी टीम की पीठ थपथपाई है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस नशे की जड़ों पर कड़ी चोट कर रही है। बड़े तस्करों को पकडऩे पर जोर दिया जा रहा है। बताया जा रहा है 30 जनवरी को पारला भुंतर में दो आरोपितों से 55 ग्राम हेरोइन पकड़ी थी। उसी मामले की छानबीन के लिए टीम दिल्ली गई थी। इस दौरान पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है।