लापता लोगों की तलाश के लिए हिमाचल पुलिस का विशेष अभियान, अब तक 635 को ढूंढा

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा बीते सितंबर और अक्तूबर माह में लापता लोगों को ढूंढने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में 635 व्यक्तियों को ढूंढ निकाला गया है। अगर मंडी जिला पुलिस की बात की जाए तो जिला में विशेष अभियान के तहत 58 लापता व्यक्तियों को ढूंढने में सफलता प्राप्त की गई है। लेकिन अभी भी मंडी जिला से 220 लापता लोगों को ढूंढा जाना शेष है।

11 नाबालिग लड़कियों,16 पुरूष और 31 महिलाओं को किया परिजनों के सपुर्द

विशेष अभियान के तहत दो माह में मंडी पुलिस द्वारा 11 नाबालिग लड़कियों,16 पुरूष और 31 महिलाओं को उनके परिजनों के सपुर्द किया गया है। इसके अलावा अभी भी मंडी जिला पुलिस को 8 नाबालिग और 212 अन्य लापता व्यक्तियों को ढूंढने की कोशिश की जा रही है।

नाबालिग लापता होने पर IPC की धारा 363 में दर्ज होता है मामला

एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश में लापता लोगों को ट्रेस करने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत मंडी जिला पुलिस द्वारा राज्य और राज्य के बाहर से ढूंढे गए। उन्होंने कहा कि नाबालिग के लापता होने के मामले में आईपीसी के तहत धारा 363 में अपहरण का अपराधिक मामला दर्ज किया जाता है।

बीते 10 वर्षों में कुल 2368 लोग हुए लापता

एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी जिला में बीते 10 वर्षों में कुल 2368 लोगों के लापता होने के मामले सामने आए थे। जिसमें 212 बालिग और 8 नाबालिग अभी ट्रेस करने के लिए बचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 2100 के करीब लोगों को पुलिस द्वारा ढूंढ निकाला गया है। उन्होंने कहा कि अनट्रेस लोगों को ट्रेस करने के लिए दोबारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर पुलिस मुख्यालय द्वारा भी जरूरी दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।