ओवर कॉन्फिडेंस की वजह से भाजपा को देखना पड़ा हार का मुंह: सीएम जयराम

उज्जवल हिमाचल। मंडी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय व तीन विधानसभा हलकों के उपचुनाव में कार्यकर्ताओं व नेताओं के अतिआत्मविश्वास की वजह से भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा। कार्यकर्ता मतदाताओं को मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचा पाए। नोटा व श्रद्धांजलि निर्णायक बना। कई हलकों में नोटा व श्रद्धांजलि का प्रभाव देखने को मिला। मंडी के नौ से आठ हलकों में भाजपा को बढ़त मिली है। उपचुनाव के नतीजों का 2022 के विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं होगा। समय पर अलर्ट मिल गया है। सरकार व संगठन मिलकर फिर से मैदान में जुटेंगे। जहां कमियां रही हैं, उन्हें जल्द मिलकर दूर करेंगे।

जयराम ठाकुर सोमवार को मंडी में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में हमेशा एक जैसे हालात नहीं रहते, हार स्थायी नहीं होती है। पहले भी सत्ताधारी दल कई उपचुनाव हारे हैं। मंडी में मात्र एक फीसद मतों के अंतर से हार हुई है। मंजिल के पास पहुंच कर चूक जाना पीड़ादायक होता है। उपचुनाव के नतीजे आशा के अनुरूप नहीं रहे। जनता का जनमत स्वीकार है। हालांकि पार्टी के निर्णय सामूहिक होते हैं। सबने मिलकर काम किया। जो कमी रही उसकी जिम्मेदारी लेता हूं। सराज हलके में सबसे अधिक बढ़त मिली मगर जितनी उम्मीद थी उतनी नहीं। आम चुनाव व उपचुनाव में रात दिन का अंतर होता है।

जनता विकास का भाव नहीं समझ पाई। मंडी हमारी है, नारे को गलत तरीके से पेश किया गया। मैंने पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र की बात कही थी। कुल्लू व लाहुल-स्पीति जिले में संगठन की कमजोरी व गुटबाजी पर मंथन होगा। कार्यसमिति की बैठक में सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। नया रोड मैप बनाकर आगे बढ़ेंगे।