कोरोना महामारी को राजनीतिक चश्मे से देखना कांग्रेस की घटिया सोच: सीएम जयराम

उज्जवल हिमाचल। जयसिंहपुर

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिला की जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 144 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए। जयसिंहपुर में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने कोविड-19 महामारी जैसे संवेदनशील मामले पर भी केवल राजनीति ही की है। महामारी के दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोगों को भ्रमित करने के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य के कांग्रेसी नेता अपने केन्द्रीय नेतृत्व को भी भ्रमित करने से पीछे नहीं रहे और महामारी के दौरान 12 करोड़ रूपये व्यय के बिल प्रस्तुत कर दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जहां प्रदेश में केवल 50 वेंटिलेटर उपलब्ध थे, वहीं वर्तमान प्रदेश सरकार ने यह मामला प्रधानमंत्री के समक्ष उठाया और केन्द्र से तुरन्त 500 वेंटिलेटर राज्य को उपलब्ध करवाए गए और आज प्रदेश में एक हजार वेंटिलेटर कार्यशील हैं। इसी प्रकार प्रदेश में पहले केवल 2 ऑक्सीजन संयंत्र थे और आज 30 ऑक्सीजन संयंत्र राज्य के विभिन्न भागों में स्थापित किए जा चुके हैं।

जयराम ठाकुर ने चिकित्सक वर्ग, स्वास्थ्य एवं अन्य अग्रणी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि सबके सामूहिक प्रयासों से हिमाचल पात्र लक्षित आबादी को शत् प्रतिशत टीकाकारण करने वाला देश का प्रथम राज्य बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सुदृढ़ नेतृत्व में भारत स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने इस मामले का भी राजनीतिकरण करने का प्रयास करते हुए इस वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन प्रचारित किया। उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान हमारे देश में चलाया गया और इसमें भी हिमाचल अग्रणी बनकर उभरा है।

लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा विपक्ष…

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता पुरानी पेंशन योजना और नई पेंशन योजना के मामले में लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में पूर्व कांग्रेस सरकार ने वर्ष-2003 में पुरानी पेंशन योजना को समाप्त कर प्रदेश में नई पेंशन योजना लागू की थी। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कांग्रेस सरकार ने वर्ष-2015 में पुलिस विभाग के आरएण्डपी नियमों में बदलाव किया था और इससे पुलिस कर्मी कुछ लाभों से वंचित हो गए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार इस स्थिति से भलीभांति परिचित है और इनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन 750 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये की है।

इस अवसर पर अध्यक्ष वूलफेड त्रिलोक कपूर, विधायक बैजनाथ मुल्कराज प्रेमी, विधायक देहरा होशियार सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष हरीदत्त शर्मा, उपायुक्त कांगड़ा डाॅ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक खुशाल शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।