हिमाचल में जिसे भी चुनाव लड़ना है लड़े, लेकिन सरकार बीजेपी की ही बनेगी: सीएम जयराम

उज्जवल हिमाचल। सोलन

हिमाचल प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हिमाचल में सत्तासीन होने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसी के तहत भाजपा मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्य कर रही है। वहीं आज रविवार को सीएम जयराम ठाकुर सोलन पहुंचे। जहां उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जीत के मंत्र दिए।

वहीं, उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए युवाओं को एकजुटता का पाठ भी पढ़ाया। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जिसे भी चुनाव लड़ना है, वो लड़ सकता है। वो उसका लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में भाजपा मिशन रिपीट करने वाली है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर किसी भी तरह का दबाव मिशन रिपीट को लेकर नहीं है, वह पूरी तरह से आश्वस्त है। जिस तरह से यूपी और उत्तराखंड में भाजपा की सरकार ने मिशन रिपीट किया है, उसी तरह हिमाचल में भी मिशन रिपीट होने वाला है।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल में अब तक प्रदेश का स्वार्गीण विकास किया है व इस वर्ष होने वाले चुनावों में भाजपा की सरकार अवश्य रिपीट होगी।

उन्होंने आम आदमी पार्टी के हिमाचल में पैर पसारने के सवाल पर कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने अभी तक तीसरे दल को जनता ने स्वीकार नहीं किया है व आगे भी ऐसा नहीं होगा।