हिमाचलः बड़े खेल आयोजनों की संभावना बढ़ी

उज्जवल हिमाचल। नादौन

युवा सांसद अनुराग ठाकुर को युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय का मंत्री पद मिलने के बाद प्रदेश में बड़े खेल आयोजनों की संभावना बढ़ गई है। भारतीय बैडमिंटन संघ के संयुक्त सचिव राजेंद्र शर्मा ने  कहा कि अनुराग ठाकुर का खेल प्रेम किसी से छिपा नहीं है और यदि प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होती है तो इससे ना केवल प्रदेश का खेल ढांचा और सुदृढ़ होगा बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी यह काफी लाभप्रद हो सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पूर्व खेलों के मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करना होगा, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवानी होंगी। शर्मा ने कहा कि एक बार यह सुविधाएं प्रदेश को मिल जाएंगी तो स्थानीय खिलाड़ियों को भी बाद में इनका लाभ मिलेगा।

जिससे प्रदेश की प्रतिभा को और बेहतर ढंग से उभारा जा सकता है। उन्होंने प्रदेशभर के खेल प्रेमियों की ओर से उम्मीद जताई है कि अनुराग ठाकुर इस दिशा में आवश्यक कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि ठाकुर की कार्यशैली और उनके खेल प्रेम की भावना के कारण ही प्रदेश में क्रिकेट के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुआ है, परंतु अब वह स्वयं केंद्रीय मंत्री बन गए हैं तो वह अब प्रदेश में अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कार्य करेंगे। शर्मा ने प्रदेश के समस्त खेल संघों की ओर से अनुराग ठाकुर को केंद्रीय मंत्री बनने पर बधाई दी है।