हिमाचल के कर्मचारियों को जयराम सरकार ने दी बड़ी राहत, राइडर हुआ खत्म

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की ओर से पीटरहॉफ में आयोजित मुख्यमंत्री सम्मान समारोह में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों के लिए दो बड़ी घोषणाएं की गयी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सभी सरकारी विभागों में 3 जनवरी को दो साल पूरे कर चुके अनुबंध कर्मचारियो़ को उच्च वेतनमान मिलेगा।

इसके साथ ही राइडर खत्म हो जाएगा। इसके अलावा सभी विभागों में लगे जेओआईटी को भी दो साल पूरे होने पर लिपिक का उच्च वेतनमान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी ही सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाते हैं। उनके सभी बड़े मसले इसके साथ हल हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी और सरकार के बीच अच्छा रिश्ता होना चाहिए. जहां भी कर्मचारियों को सरकार के सहयोग की आवश्यकता पड़ी वर्तमान सरकार साथ खड़ी हुई और जब भी सरकार को जरूरत पड़ी तो कर्मचारी सरकार के साथ आये। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोविड नहीं आया होता तो कर्मचारियों के हितों के लिए और भी बेहतर कार्य करते। उन्होंने कहा कि पहले के मुख्यमंत्री सामान्य परिस्थितियों में कर्मचारियों की सामान्य मांगों को पूरा करने में सफल नहीं हुए। पहले की सरकारें कर्मचारियों को नौकरी समझती थी कि हम आदेश देंगे और कर्मचारी करेंगे और अगर नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारा काम करने का तरीका ऐसा नहीं है, हम सबको समान समझते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के बावजूद कर्मचारियों की सैलेरी और पेंशन समय पर दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकांश कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि अभी तक के पिछले 6 पे कमीशन भाजपा की सरकारों ने ही कर्मचारियों को दिए हैं। इस पे कमीशन को जब लागू किया तो प्रत्येक कर्मचारी के 12 से 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। किसी भी कर्मचारी से रिकवरी नहीं कि गई है। इसके अलावा पेंशन में भी अच्छा लाभ पेंशनधारकों को भी हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्य तो पिछली सरकारें भी कर सकती थी, लेकिन आज प्रश्न उठाते हैं कि ये करना चाहिए वो करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के कर्मचारियों को 4 प्रतिशत अंतरिम राहत मिली है और हिमाचल के कर्मचारियों को 21 प्रतिशत तक कि अंतरिम राहत दी गई है।