मुश्किल में जिंदगी; नेशनल हाईवे 707 पर भूस्खलन, आवाजाही बंद होने से लगा जाम

उज्जवल हिमाचल। सिरमौर

बरसात का दौर शुरू होते ही पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन होना भी चालू हो गया है। नेशनल हाईवे 707 पांवटा- गुमा सड़क पर गगटोली के पास सोमवार सुबह भूस्खलन होने से आवाजाही बंद हो गई। गनीमत यह रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की लंबी कतारों के कारण जाम लग गया।

सड़क बहाल करने का प्रयास….

लोग सुबह ऑफिस जाने के लिए सुबह निकले ही थे कि पहाड़ दरकने लगा। छोटे-छोटे पत्थरों के गिरते ही लोग सतर्क हो गए और खड़े हो गए। सूचना मिलते ही NH पर डबल लेन का काम कर रही कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सड़क को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, आसपास रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी कटिंग गलत तरीके से कर रही ,जिस कारण लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। पास में ही बच्चों का स्कूल और घर होने से हमेशा भय बना रहता है। वहीं पहाड़ के दरकने से वन विभाग के पेड़ों को नुकसान हुआ। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि कंपनी जो कटिंग कर रही उसे सही तरीके से किया जाए,ताकि हादसों से बचा जा सके। बता दें कि भूस्खलन का वीडियो वायरल हो रहा है।