हिमाचली बॉक्सर आशीष चौधरी बोले, टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतना उनका सपना

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

मंडी जिला के सुंदरनगर से संबंध रखने वाले अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर आशीष चौधरी टोक्यो ओलंपिक में गोल्डन पंच लगाने को लेकर खूब पसीना बहा रहे हैं। आशीष का कहना है कि टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना उनका सपना है। इसे पूरा करने के लिए वह खूब मेहनत कर रहे है। टोक्यो ओलंपिक के बाद उनका अगला ध्यान और लक्ष्य पेरिस ओलंपिक है। करीब छह बाद सुुंदरनगर अपने घर पहुंचे आशीष कुमार चौधरी ने बताया 22 जुलाई से होने वाली टोक्यो ओलंपिक में जीत के लिए वह लगातार अभ्यास कर रहे है।

 

5 जनवरी से 15 फरवरी तक कर्नाटक के बल्लारी में उनका बॉक्सिंग कैंप आयोजित होगा। इसके बाद पटियाला और उसके बाद वह क्यूबा और अमेरिका में भी बांक्सिग के गुर सिखने और अपनी कमियों को सुधारने के लिए अभ्यास के लिए जाएंगे। उन्होंने बताया वह रोजाना सुबह 4 और शाम को 4 घंटे तक बांक्सिग का अभ्यास करते है। उन्होंने कहा कि खिलाडियों को मेडल जीतने के बाद मिलने वाली प्रोत्साहन व इनाम राशि में देरी से खिलाड़ी का खेल प्रभावित होता है।

इसलिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि खिलाड़ी को पदक मिलने के एक-दो माह के अंदर ही यह राशि मिल जानी चाहिए। इससे खिलाड़ी को आगे की तैयारी करने के लिए धन की कमी आड़े न आये। उन्हें 2015 की नेशनल खेल में स्वर्ण पदक जीतने के बाद 2019 में इनाम राशि मिली थी।