भाजपा झूठ के सहारे जनता को भ्रमित कर लूटते हैं वोटः सीएम सुक्खू

उज्ज्वल हिमाचल। हमीरपुर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने कभी जनता को झूठी गारंटियां नहीं दी हैं। हिमाचल की सत्ता में आने के बाद 1 लाख 26 हजार कर्मचारियों को ओल्ड पैंशन स्कीम का लाभ दिया। अब महिलाओं को हर माह 1500 रुपए भी दिए जा रहे हैं, जबकि अभी सरकार का 15 माह का कार्यकाल ही हुआ है। यह समझ नहीं आया कि अनुराग ठाकुर कब से झूठ बोलना सीख गए, जो कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल उठा रहे हैं लेकिन अपने पहले कार्यकाल से ही ऊना से हमीरपुर तक रेल लाने के झूठ पर मुंह बंद कर लेते हैं। लगभग 16 वर्ष से इस झूठ के सहारे जनता को भ्रमित कर वोट लूटते आ रहे हैं, लेकिन उन्हें समझ जाना चाहिए कि प्रदेश की जनता ईमानदार होने के साथ शिक्षित भी है तथा अब उनके झांसे में आने वाली नहीं है। सुजानपुर में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस बार 6 विधानसभा उपचुनाव थोपे गए हैं।

अब साढ़े 3 वर्ष के लिए उपचुनाव हो रहे हैं तथा कांग्रेस का मुकाबला उपचुनाव में किसी विपक्षी पार्टी से नहीं बल्कि बिके हुए लोगों से है। विपक्षी पार्टी से साढ़े 3 वर्ष बाद ही मुकाबला होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास में पहली बार निचले हिमाचल को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री दिया है। हमीरपुर जैसे छोटे से जिले को तीसरी बार दूसरा मुख्यमंत्री मिला है। अपने जिले का मुख्यमंत्री होने से जनता को फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने पहले ही कहा है कि वह अगले साढ़े 3 वर्ष तक सुजानपुर की स्वयं विधायकी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आते ही उन्होंने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर 2200 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। उसी में से 800 रुपए इंदिरा गांधी प्यारी बहना योजना पर खर्च किए जा रहे हैं। 2 लाख 37 हजार महिलाओं को 1500 रुपए मिलना भी शुरू हो गए हैं।

ब्यूरो रिपोट हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें