होमगार्ड एसोसिएशन ने मांगे ना मानने पर दी चेतावनी

तलविंदर सिंह। बनीखेत

होमगार्ड एसोसिएशन ने 12 महिने का स्थाई रोजगार देने की मांग को प्रदेश सरकार से फिर दोहराते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी न की गई तो होमगार्ड जवान आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। यह बात डलहौजी में पत्रकार वार्ता को संबाेधित करते हुए एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह चौहडिड़ा ने कही। उन्होंने कहा कि बहुत खेद की बात है कि गत दिनों संपन्न हुए विधानसभा सत्र में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व एक दो विधायकों को छोड़कर किसी भी विधायक व मंत्री ने होमगार्ड जवानों की बात सदन में नहीं रखी।

हालांकि मुख्यमंत्री ने स्वयं होम गार्ड जवानों की फाइल को बजट में लगाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि 58 वर्षों से होमगार्ड जवान सरकार से होमगार्ड जवानों हेतु अन्य विभागों की तरह ठोस नीति बनाने व 12 महिने का स्थाई रोजगार देने की मांग कर रही है, मगर सरकार उनकी मांग को नजरअंदाज कर रही है। चौहडिड़ा ने कहा कि स्थाई रोजगार न होने के कारण होमगार्ड जवानों को अकसर आर्थिक तंगी झेलनी पड़ती है और परिवारों के भरण पोषण की परेशानी आ जाती है, जबकि होमगार्ड जवानों को विभिन्न विभागों के साथ अटैच कर दिया जाता है और उनका कार्य पूरा होने के बाद होमगार्ड जवानों को घर बिठा दिया जाता है।

प्रदेश के अस्पतालों में तैनात महिला होमगार्ड जवानों की सेवाएं भी खत्म कर दी गई हैं। ऐसे में सरकार कैसे महिला सशक्तिकरण की बात कर सकती है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट काल में प्रदेश के होमगार्ड जवानों ने निस्वार्थ भाव सेवाएं दीं, परंतु सरकार अन्य विभागों के कर्मचारियों की, तो कोरोना संकट दौरान सेवाओं की सराहना कर रहरी है, मगर होमगार्ड जवानों की बात तक नहीं की जाती। जिससे कि होमगार्ड जवानों का मनोबल कमजोर हो रहा है। उन्होंने सरकार से होमगार्ड जवानों के लिए जल्द 12 माह का स्थाई रोजगार देने की मांग उठाई। उन्हाेंने कहा कि स्थाई रोजगार की मांग जल्द पूरी न होने पर होमगार्ड जवानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।