समय पर वेतन न मिलने से भड़के HRTC कर्मचारी, सरकार पर लगाए सौतेले व्यवहार के आरोप

उज्जवल हिमाचल। ऊना
हिमाचल पथ परिवहन निगम के परिवहन निगम मजदूर संघ ऊना इकाई का अधिवेशन बुधवार को रामपुर एचआरटीसी वर्कशॉप में हुआ। इस मौके पर तमाम मजदूर और कर्मचारी नेताओं ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को समय पर वेतन जारी नहीं किए जाने पर कड़ा एतराज जताया।

इस दौरान संघ के उत्तर क्षेत्र के सह संगठन मंत्री राकेश शर्मा कहा कि कोविड-19 की परिस्थितियों में भी हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए सेवाएं प्रदान की थी। वो ऐसा समय था जब सब कुछ बंद था और हर व्यक्ति अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता करते हुए घर में रहने को मजबूर था।

उन्होंने कहा कि 2 साल तक निर्भीक सेवाओं का परिवहन प्रबंधक द्वारा यह सिला दिया जा रहा है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन ही नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को समय-समय पर सरकार के समक्ष भी उठाया जाता है। लेकिन फिर भी सरकार कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इन मांगों को लेकर परिवहन मजदूर संघ सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोल करेगा। बैठक के दौरान परिवहन मजदूर संघ की नई जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।