350 इंटरस्टेट रूटों पर बसें चलाएगा परिवहन निगम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

पहली जुलाई से इंटरस्टेट बस सेवा प्रदान करने के लिए एचआटीसी ने तैयारी शुरू कर दी है। लगभग 350 रूटों पर बसें चलाने की तैयारी है। जैसे-जैसे सवारियों की संख्या बढ़ेगी, रूट बहाल होते रहेंगे। हिमाचल प्रदेश से बाहरी राज्यों के लिए 708 रूट हैं। इनमें 200 रूटों पर वोल्वो बसें चलती हैं। परिवहन निगम के पास करीब 60 वोल्वो बसें हैं। ये बसें चंडीगढ़, हरिद्वार, अमृतसर, कटड़ा, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के लिए चलती हैं। परिवहन निगम से मिली जानकारी के मुताबिक पालमपुर, बैजनाथ, मनाली, धर्मशाला, ऊना और शिमला से चंडीगढ़ के लिए वोल्वो बसें चलाई जानी हैं। शिमला, सरकाघाट, हमीरपुर, धर्मशाला, बैजनाथ, बीड़, मनाली, डलहौजी, पठानकोट और नालागढ़ से दिल्ली के लिए बसें चलेंगी।

साथ ही मनाली, शिमला और धर्मशाला से हरिद्वार के लिए बसें चलाने की योजना है। साधारण बसें भी विभिन्न डिपो से चलाई जाएंगी। सभी बसें 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी पर चलेंगी। सर्दी, खांसी, जुकाम जैसी बीमारी से ग्रस्त लोगों को बसों में चढऩे नहीं दिया जाएगा। बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले सैलानियों के लिए वोल्वो बसें फायदेमंद होंगी। परिवहन निगम कार्यालय में प्रतिदिन वोल्वो बसें शुरू करने को लेकर जानकारी मांगी जा रही है।