कांग्रेस से नहीं चल रही सरकार तो भाजपा भी है तैयारः जयराम ठाकुर

If the government is not run by the Congress, the BJP is also ready: Jairam Thakur

उज्जवल हिमाचल। मंडी
ऑपरेशन लोटस को लेकर भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा कांग्रेस के ही लोग बातें कर रहे हैं। कांग्रेस को प्रदेश में सरकार चलाने का अवसर मिला है। अगर कांग्रेस से सरकार नहीं चल रही है तो भारतीय जनता पार्टी तैयार है। यह बात पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न संस्थानों को डिनोटिफाई करने के फैसले के खिलाफ मंडी जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित जिलास्तरीय जन आक्रोश रैली में कही।

जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए जा रहे संस्थानों को आने वाले समय में भाजपा सरकार आने पर दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नवनिर्मित कांग्रेस सरकार को भाजपा कार्य करने का मौका देना चाहती थी लेकिन सरकार द्वारा संस्थानों को डिनोटिफाई करने से प्रदेश को बर्बाद होता हुआ भाजपा नहीं देख सकती है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मंडी जिला से कुछ नहीं मिला है। जिला के 10 विधानसभा क्षेत्रों में से केवल एक विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के विधायक चुने गए हैं। कांग्रेस पार्टी को मंडी ने चाहे कुछ नहीं दिया है। लेकिन मंडी अपनी विकास की लड़ाई अपने बूते पर लड़ेगी और जिला में भाजपा के 9 विधायक विधानसभा के अंदर इस लड़ाई को जोरदार ढंग से लड़ेंगे।

यह भी पढ़ेंः शाहपुर में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन को हिमाचल में किया विलय

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सूक्खू सरकार हमेशा धन के अभाव का रोना रो रही है। लेकिन प्रदेश में सबसे अधिक समय तक कांग्रेस की सरकार रहने से हिमाचल को ऋण के नीचे डूबोने वाली अगर कोई पार्टी है, तो वह कांग्रेस पार्टी है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया पर सुखविंदर सिंह सुक्खू के चित्र पर एक ताला बनाकर व्यंग किया जा रहा है।

इसमें प्रदेश की सुक्खू सरकार को लोकप्रिय सरकार की बजाए लॉकप्रिय सरकार के तौर पर बताया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चारों ओर तालाबंदी हो रही है और इस प्रकार की बातों से प्रदेश सरकार की जग हसाई हो रही है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री की बात लोगों के लिए एक मजाक बन गई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सरकार व्यवस्था परिवर्तन को लेकर कई दावे करती है। लेकिन इसके लिए सरकार को साथ में ताला लेकर नहीं चलना चाहिए।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।