भारत खरीदता है दुनिया में सबसे अधिक हथियार

उज्जवल हिमाचल। डेस्क
भारत दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार (1990-2019) खरीदता है। हथियार खरीदने के मामले में दूसरे नंबर पर चीन है और उसके बाद सऊदी अरब है। वहीं, हथियारों के निर्यात के मामले में भारत 38वें नंबर है। भारत से म्यांमार, श्रीलंका और मॉरीशस जैसे मुल्क हथियार खरीदते हैं। यही नहीं अमेरिका दुनिया को सबसे अधिक हथियार सप्लाई करता है। हथियारों के निर्यात के मामले में रूस दूसरे नंबर पर है।

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) की रिपोर्ट से ये बातें सामने आई हैं। 2015-2019 के बीच भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने में रूस का बड़ा योगदान रहा। रूस ने भारत को 58 फीसद हथियारों का निर्यात किया, जबकि 2010-14 के बीच यह 72 फीसद था। 2014 से 2019 के मध्य इजरायल और फ्रांस सभी ने भारत को अपने हथियारों का निर्यात बढ़ाया। हालांकि, भारतीय आयात में रूसी हिस्सेदारी अगले पांच साल की अवधि के दौरान तेजी से बढ़ सकती है, क्योंकि भारत ने हाल ही में कई बड़े रक्षा सौदों पर हस्ताक्षर किए हैंं। दुनियाभर में अमेरिका की हथियारों के निर्यात में 36 फीसद हिस्सेदारी है। 2015 से 2019 के दौरान अमेरिका ने 96 देशों को हथियार भेजे। अमेरिका के आधे से अधिक हथियारों का निर्यात मध्य एशिया और खाड़ी देशों को हुआ।
2019 में भारत और चीन का सैन्य खर्च एशिया में सबसे अधिक रहा। दुनिया में सैन्य खर्च के मामले में ये दोनों क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। चीन का सैन्य खर्च 2019 में 261 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। 2018 के मुकाबले इसमें 5.1 फीसद की बढ़ोतरी हुई। भारत का 2019 में सैन्य खर्च बढक़र 71.1 बिलियन डॉलर हो गया, जो 2018 की तुलना में 6.8 फीसद अधिक है।