अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर जलाई नशे की होली

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर
शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर श्री राम हनुमान सेवा समिति महादेव,जीव कल्याण मात्र परिवार संस्था और युवा क्रांति युवक मंडल धनोटू द्वारा नशे के विरोध में शपथ ली गई।सुंदरनगर उपमंडल के धनोटू स्थित पुलिस चेक पोस्ट के नजदीक इन संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने पुलिस चेक पोस्ट धनोटू के इंचार्ज के साथ नशे की होली भी जलाई गई। इस मौके पर श्री राम हनुमान सेवा समिति के सचिव चमन ठाकुर ने सभी संस्थाओं का धन्यवाद दिया और क्षेत्र के युवाओं से नशा न करने और उसके नाश के लिए सहयोग मांगा।
उन्होंने कहा आज का भारत युवा भारत है और पूरे विश्व में 18 से 35 वर्ष के आयु वर्ग के युवा हिंदुस्तान में ही मौजूद है। इसीलिए किसी भी देश की रीढ़ उसके युवा होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा ही नशे की दलदल में फंस जाए तो उस देश का विकास संभव नहीं होता है। साथ में जीव कल्याण मात्र परिवार संस्था के अध्यक्ष सूरज सेन ने सभी युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की और इस संदर्भ में नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ सभी धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं, को एकजुट होकर मिलकर लड़ने का सहयोग मांगा। युवा क्रांति युवक मंडल धनोटू के अध्यक्ष जितेश चंदेल ने नशे के उन्मूलन के लिए सभी से पुलिस का सहयोग करने की मांग रखी।
इस मौके पर पुलिस चेक पोस्ट धनोटू के प्रभारी राजकुमार ,श्री हनुमान सेवा समिति के कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ,शांतनु चंदेल,सचिन,पवन ठाकुर,अंकुश ठाकुर,अनिल चौहान,ललित कुमार ने सिगरेट, तंबाखू, बीड़ी ,गुटखा, मदिरा, चरस, भांग, चिट्टे जैसे घातक मादक द्रव्यों के दुष्परिणामों के बारे में युवाओं को जागरूक किया।