परिवारवाद से नहीं, मेहनत कर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचा जयराम

उमेश भारद्वाज। मंडी

 

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के चलते अब राजनीति गर्माने लगी है। इसके चलते पक्ष विपक्ष आमने-सामने की स्थिति में आ गए हैं। मंडी में जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें मुख्यमंत्री के मंडी दौरे और उनके द्वारा ली गई समीक्षा बैठकों को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया जा रहा है। मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आचार संहिता अभी नगर निगम क्षेत्र में नहीं लगी है। लेकिन कांग्रेस को उनके दौरे करने से परेशानी हो रही है। उन्होंनें कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को परेशानी होती है तो वे आने वाले समय में अभी और दौरे करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने संतुलित विकास करवाया है और कोविड-19 की विषम परिस्थितियों में प्रदेश में विकास का दौर थमने नहीं दिया गया है।


वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर जुबानी हमला तेज करते हुए कहा कि पूर्व के 15 वर्षों में रहीं प्रदेश सरकारों ने प्रदेश में एक भी नई पंचायत का सृजन नहीं किया। प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें लम्बे समय तक रहीं लेकिन प्रदेश में मात्र दो नगर निगम बनाए गए। जबकि वर्तमान की भाजपा सरकार ने प्रदेश में 389 नई पंचायतें बनाकर ग्रामीण स्तर पर विकास को सुनिश्चित किया गया है। साथ ही प्रदेश में नई 7 नगर पंचायतें व 3 नगर निगम भी बनाए गए। साथ ही मुख्यमंत्री ने आने वाले पंचायत चुनावों में ईमानदार लोगों के चुनकर आने की उम्मीद जताई है।

  • आश्रय शर्मा अपने फैसले की वजह से हुए प्रभावित

वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि सदर से विधायक अनिल शर्मा व उनके पुत्र आश्रय शर्मा अपने फैसले की वजह से प्रभावित हुए हैं। उन्होंनें कहा कि अनिल शर्मा के पुत्र आश्रय जो कि लोकसभा का चुनाव मंडी से इतने बड़े अंतर से हारे हैं की उन्हें बड़ी बातें करने से परहेज करना चाहिए। उन्होंनें कहा कि जयराम ठाकुर मेहनत कर आज मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं न कि किसी परिवारवाद के कारण। उन्होंनें आश्रय शर्मा को नसीहत दी कि उन्हें मुख्यमंत्री से प्रदेश में योगदान के बारे में पूछने से पहले स्वयं का आंकलन कर लेना चाहिए।


पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ प्रदेश के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, द्रंग विधायक जवाहर ठाकुर, जोगिंद्रनगर विधायक प्रकाश राणा, बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी, करसोग विधायक हीरा लाल, जिलाध्यक्ष भाजपा रणवीर सिंह, नगर परिषद मंडी की अध्यक्ष सुमन ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा भी मौजूद रहे।