हम सबके कल के लिए जिन्होने अपना आज दे दिया उन शहीदों को नमन: कुलदीप शर्मा

उज्जवल हिमाचल। नगरोटा बगवां

आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय विचार मचं के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल विजय दिवस शौर्य की स्वर्णीम गाथा है। भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाले हमारे जवानों को समर्पित है ‘कारगिल विजय दिवस’। कारगिल शहीद जवानों ने अपना सब कुछ मातृभूमि को समर्पित कर दिया उन सभी वीरों की वीरता को नमन।

कुलदीप शर्मा ने भारत की सीमाओं पर खड़े सभी जवानों का अभिनन्दन करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में जो जवान शहीद हुए वे भौतिक रूप से तो हमारे साथ नहीं हैं परन्तु वे कभी हमसे दूर न जा पाएगें। वे सदा इस माटी में अपनी देश सेवा की सुगन्ध प्रसारित करते रहेंगे।

उनकी वीरता की कहानियां पीढ़ियों तक याद की जायेंगी, वे हमेशा हमारे साथ रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को साहस प्रदान करती रहेंगी। वीर जवानों के संस्मरण हमारे जीवन के पावन संस्मरण है और आगे आने वाली पीढ़ियों के ये प्रेरणास्रोत होंगे। उन्होने अपने संदेश में कहा कि देश हमें देता है सब कुछ हम भी तो कुछ देना सीखे। ये भाव हम सब के भीतर हो तभी आत्मनिर्माण और राष्ट्र निर्माण होगा। हम आत्म निर्भर बनेंगे और फिर आत्मजागरण भी होगा।

हमारे देश के वीर जवानों ने दुश्मनों के नापाक इरादों को नाकाम कर कारगिल की पहाड़ियों पर तिरंगा फहराया था, यह अनुपम दृश्य हर भारतवासी की स्मृतियों में हमेशा जीवंत रहेगा। कारगिल विजय दिवस हमें भारतीय सेना के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान की याद दिलाता हैं। हमारे देश के वीर जवानों ने अपनी मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान किया था। हमारे बहादुर जवानों के तप, त्याग, दृढ़ संकल्प, धैर्य और हिम्मत का ही परिणाम है कि कारगिल की पहाड़ियों पर तिरंगा गर्व के साथ लहरा रहा है।

26 जुलाई 1999 के दिन कारगिल युद्ध में भारत को विजय मिली थी, इसलिए प्रतिवर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 2022 को ऑपरेशन विजय के सफलता की 23 वीं वर्षगांठ है। भारतीय सेना के बहादुर जवानों ने कारगिल युद्ध में विजय प्राप्त कर अपनी मातृभूमि के प्रति अपना कर्तव्य निभाया था। उन सब वीरों को जिन्होंने अपने जीवन की परवाह न करते हुए हम सब के जीवन की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। उन्होने अपने जीवन को सफल किया, उनको, उनकी साधना को और उनके वीरत्व को प्रणाम।

सन 1999 में कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी फौज को कारगिल की पहाड़ियों में विपरित परिस्थितियों में हराया था। यह करगिल युद्ध 60 दिनों तक चला। 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सेना को हरा दिया था और इस ऑपरेशन को ऑपरेशन विजय नाम दिया गया। इस विजय को प्राप्त करने में भारतीय सेना के कई जवान शहीद हुए थे उन सभी शहीदों को नमन।