कोई बड़ी लड़ाई नहीं थी कारगिल युद्ध : प्रतिभा सिंह

संजीव कुमार। गाेहर

मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कारगिल युद्ध पर विवादित बयान दिया है। मंडी जिला के नाचन विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले नांडी गांव में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कारगिल युद्ध को छोटी लड़ाई बता दिया। भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर पर जुबानी हमला बोलने के चक्कर में उन्होंने कारगिल युद्ध को ही छोटा बता दिया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपना टिकट एक पूर्व फौजी को दिया है। क्योंकि उन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया था, लेकिन कारगिल युद्ध कोई बड़ा युद्ध नहीं था।

  • कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कारगिल युद्ध पर दे दिया विवादित बयान
  • भाजपा प्रत्याशी को घेरने के चक्कर में कारगिल युद्ध को ही बता दिया छोटी लड़ाई
  • कहा, कारिगल युद्ध का नाम लेकर सिर्फ श्रेय लेना चाहते हैं भाजपा प्रत्याशी

सिर्फ अपनी धरती से ही पाकिस्तानियों को खदेड़ना था। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे पेश किया जा रहा है। जैसे वे बहुत बड़े सैनिक रहे हों और विजय हासिल की हो। भाजपा ये सब सिर्फ इसलिए कर रही है, ताकि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और परिजनों के वोट हासिल कर सके, लेकिन जनता ने सोच समझकर विकास के नाम पर अपनी मुहर लगानी है। बता दें कि कारगिल युद्ध में देश के 527, तो प्रदेश के 52 रणबांकुरों ने अपने प्राणों की आहूति देकर शहादत पाई थी। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने इस युद्ध के दौरान जिस 18 ग्रेनेडियर का नेतृत्व किया, उसने तोलोलिंग की पहाड़ी पर कब्जा किया था, जिसे इस युद्ध की जीत का टर्निंग प्वाइंट माना जाता है, लेकिन अब प्रतिभा सिंह ने इस युद्ध को छोटा बताकर विवाद खड़ा कर दिया है।

वहीं, इसके बाद प्रतिभा सिंह नाचन विधानसभा क्षेत्र में करीब आधा दर्जन जनसभाओं को संबोधित किया और अपने लिए वोट मांगे। उन्होंने जाच्छ में आयोजित जनसभा के दौरान कहा कि प्रदेश में जो विकास हुआ है, वो स्व. वीरभद्र सिंह और कांग्रेस पार्टी की देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनावी मुद्दे तैयार करके लोगों को बांटने का काम करती है। कभी राम के नाम पर लोगों को गुमराह किया जाता है, तो कभी मोदी के नाम पर, जो भी सपने लोगों को दिखाए गए थे, वे आज दिन तक पूरे नहीं हुए हैं।