पुलिस जवानों के परिजनों पर FIR दर्ज करने पर भड़के कुलदीप राठौर

उज्जवल हिमाचल। शिमला

बिलासपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले के सामने विरोध जताने वाले पुलिस जवानों के परिजनों पर मामले बनाने पर विपक्षी दल कांग्रेस मुखर हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार से परिजनों पर बनाए गए मुकदमों को वापस लेने की मांग उठाई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बिलासपुर में भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मिलने आए पुलिस कर्मचारियों के परिवारों से न मिलने पर हैरानी जताते हुए, मुकदमा दर्ज करने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि नड्डा का इन लोगों से न मिलना और इनकी कोई बात न सुनना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

राठौर ने कहा कि नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ इस क्षेत्र से पूर्व में मंत्री भी रहे हैं और इसी क्षेत्र से संबंध रखते हैं। इसलिए उन्हें इन लोगों से किसी भी प्रोटोकॉल के बगैर मिलना चाहिए था और उनकी मांगों व समस्याओं को सुन कर उसका निराकरण करना चाहिए था। राठौर ने सरकार से पुलिस कर्मचारियों की मांगों पर तुरंत गौर करते हुए उसका समाधान करने की मांग भी उठाई।