भूस्खलन से घरों में आई दरारें

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। चम्बा

बालू से चंबा शहर के लिए शॉर्टकट मार्ग पर पक्काटाला के पास भूस्खलन हो गया है। इस कारण यह मार्ग तीन दिनों से बंद होने पर मोहल्लावासियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। भूस्खलन के कारण पक्काटाला मोहल्ला के निवासियों के घरों में दरारें आ गई हैं। इस कारण लोग दहशत में हैं।

मोहल्ले के निचले हिस्से में भी एक मकान का हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ गया है। इस संबंध में लोगों ने उपायुक्त को गत बुधवार को ज्ञापन सौंपा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों बिना बारिश के ही लगातार भूस्खलन हो रहा है। अगर बारिश का दौर शुरू होता है तो पूरा मोहल्ला भूस्खलन की चपेट में आ सकता है। इस कारण काफी नुकसान का अंदेशा है।

एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि भूस्खलन के संबंध में जानकारी हासिल की गई है। मौके का मुआयना भी किया गया है। भूस्खलन को रोकने के लिए प्रयास किया जा रहा है।