नालागढ़ में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत पात्रों को बांटा गया राशन

सुरेद्र सिंह सोनी। नालागढ़

नालागढ़ उपमंडल के अंतर्गत नालागढ़, बद्दी तथा राम शहर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीनों पर दिखाया गया। इसके अतिरिक्त उपमंडल की 80 उचित मूल्य की दुकानों पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टेलीविजन स्क्रीनों के माध्यम से दिखाया गया।

कार्यक्रम आयोजन के संबंध में अधिक जानकारी देते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग नालागढ़ के निरीक्षक अरुण ठाकुर ने बताया कि उपमंडल के सभी आयोजन स्थलों पर योजना के 25 पात्र लाभार्थियों को 10 किलोग्राम प्रति लाभार्थी की दर से राशन बैग भी वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि नालागढ़ उपमंडल में लगभग 2000 पात्र व्यक्तियों को राशन के बैग वितरित किए गए। सभी आयोजन स्थलों पर आमजन के लिए बैठने की बेहतरीन व्यवस्था की गई थी तथा कोविड-19 से संबंधित नियमों की पालना का विशेष ध्यान रखा गया था।

कार्यक्रम आयोजन स्थल बद्दी में स्थानीय विधायक परमजीत सिंह पम्मी, हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, दून भाजपा मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह ठाकुर, नगर परिषद बद्दी के उपाध्यक्ष मान सिंह मेहता, नगर परिषद बद्दी के पार्षद संजीव ठाकुर व आज्ञा राम, नालागढ़ में पूर्व विधायक के एल ठाकुर, नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्षा रीना शर्मा, पार्षद शालिनी शर्मा व सहर शर्मा, प्रिंस अवस्थी, विनोद कुमार तथा रामशहर में नालागढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव ठाकुर भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष दाता राम व उपाध्यक्ष पारस राम शर्मा, बूथ अध्यक्ष राम शहर राज कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रमों में मौजूद रहे।