उच्च आदर्शों के प्रतीक हैं भगवान राम: किशन कपूर

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश में मंदिरों और मंदिर परिसरों के सफाई अभियान के दौरान आज यहां कांगड़ा – चम्बा के लोक सभा सदस्य किशन कपूर की अगुवाई में देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कांगड़ा के ब्रजेश्वरी मंदिर में सफाई अभियान आयोजित किया गया। सांसद किशन कपूर ने इस अवसर पर मंदिर के श्रद्धालुओं से बातचीत की ओर मंदिर में उपलब्ध सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की।

मंदिर हमारी आस्था और सनातन संस्कृति के प्रतीक

मंदिर की सफाई की ओर विशेष ध्यान दिये जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए सांसद किशन कपूर ने कहा कि मंदिर हमारी आस्था और सनातन संस्कृति के प्रतीक हैं। इन्हें सहेज कर रखना हर भारतवासी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल में यदि मंदिरों की शुचिता और पवित्रता बनी रहेगी निश्चित ही श्र‌द्धालु भारी मात्रा में हिमाचल की ओर आकर्षित होंगे। इस दिशा में भारतीय जनता पार्टी का यह आह्वान समय की पुकार है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने गांव घर के निकट मंदिर और मंदिर परिसर के सफाई अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।

राम लल्ला बरसों बाद आ रहे अपने घर अयोध्या  

सांसद किशन कपूर ने कहा राम लल्ला बरसों बाद अयोध्या अपने घर आ रहे हैं। सारा देश राममयी हो गया है। लोग बेताबी से अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह की प्रतीक्षा कर रहे है। जन-जन के मन में बसे राम उच्च जीवन मूल्यों और आदर्शों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 30 दिसंबर को अयोध्या से इस सफाई अभियान का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री ने स्वयं इस अभियान की शुरुआत पंचवटी से की थी, जहां भगवान राम अपने वनवास के दौरान सबसे लंबे समय तक रहे थे।

ब्यूरो रिपोर्ट कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें