भूस्खलन से मनाली-लेह सड़क मार्ग बंद

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। मनाली

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की ओर से आगामी 3 दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, मनाली-लेह सड़क मार्ग पर भूस्खलन होने के चलते वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

भूस्खलन होने के चलते मनाली में सड़क पर भी दर्जनों वाहन फंसे हुए हैं। जो सड़क बहाल होने के बाद ही रवाना किए जाएंगे। लाहौल स्पीति के एसपी मानव वर्मा का कहना है कि सड़क को बहाल करने के लिए मशीनरी को लगाया गया है। दोपहर बाद यह सड़क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो जाएगा।

गौर रहे कि बीते दिन जिला कुल्लू में शाम के समय बारिश हुई थी, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। वहीं, किसानों व बागवानों ने भी बारिश होने से राहत की सांस ली है। खेतों में गर्मी के कारण नमी बिल्कुल कम हो गई थी। बारिश होने के चलते अब एक बार फिर से खेतों में नमी लौट आई है।