शहीद रोहिन ठाकुर के परिजनों का बढ़ाया हौसला

एमसी शर्मा। नादौन

हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने शहीद रोहिन ठाकुर के घर गलोड़-खास पंहुच कर उनके परिजनों को सांत्वना देते हुए ढाढस बंधाया। उन्होंने कहा कि रोहिन ठाकुर ने बहुत छोटी उम्र में देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर भारत माता के सच्चे सपूत होने का फर्ज़ निभाया है। उन्होंने कहा कि लोग उनकी शहादत को लंबे समय तक याद रखेंगे और आने वाली पीढियों के लिए उनका बलिदान प्रेरणास्त्रोत का कार्य करेगा।

अग्निहोत्री ने शोक स्तंप्त परिवार के साथ संवेदना प्रकट करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से परिवार को हर सम्भव मदद की जाएगी। रोहिन ठाकुर ने जिस आयु अवस्था में अपना सर्वोच्च बलिदान देकर इस देश की माटी का फर्ज अदा किया है, उससे न केवल परिवार, बल्कि इस जिले का और पूरे प्रदेश का नाम सारे देश में रोशन हुआ है। उनकी इस शहादत को सदियों याद किया जाएगा। याद रहे गलोड़ खास पंचायत के रोहिन ठाकुर गत दिनों नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन करते हुए दुश्मनों से लोहा लेते गोलाबारी की चपेट में आने से शहीद हो गए थे।

शहीद रोहिन ठाकुर के परिजनों से सांत्वना प्रकट करने वालों में निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री के साथ मंडल भाजपा अध्यक्ष हरदयाल सिंह ठाकुर, पंचायत प्रधान शकुंतला देवी, जिला परिषद मेंबर बिहारी लाल, राजेंद्र ठाकुर, अजय ठाकुर, और बीडीसी सदस्य सुषमा ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।