विश्व पर्यावरण दिवस पर दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

जोगिंद्रनगर। जतिन लटावा

विश्व पर्यावरण दिवस पर युवा जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया ने अपने युवा साथियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण बचाव का संदेश दिया। उन्होंने स्युरी के जंगल में हरड़, बेहड़ा, आंवला, देवदार बरगद व अमरूद आदि के पौधे लगाए और अपने हाथों लगाए सब पौधों की देखभाल का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला परिषद विजय भाटिया ने कहा कि आज धरती पर जीवन को बचाने के लिए पेड़ लगाने के साथ जल, वायु और मिट्टी को नुकसान पहुंचाने वाली सब गतिविधियों को बंद करना आवश्यक है। उन्होंने सचेत किया कि जिस गति से पर्यावरण नष्ट हो रहा है, उससे हमारी अगली पीढ़ी को ही जीने के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया में ग्लोबल वॉर्मिग का संकट गहराता जा रहा है। पर्यावरण को बचाने के लिए विश्व स्तर पर सम्मेलन और बैठकों के दौर जारी हैं, लेकिन पर्यावरण को साफ-सुथरा रखने में जब तक हरेक इंसान इसमें अपना योगदान नहीं करेगा, यह अभियान सफल नहीं हो सकता। इसलिए हर आदमी को पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। भाटिया ने कहा कि वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते हुए औद्योगीकरण, शहरीकरण, वाहनों में वृद्धि, ध्वनि प्रदूषण आदि पर्यावरण प्रदूषण को बढ़ा रहे हैं।

इसलिए यह आवश्यक हो गया है कि मनुष्य को आर्थिक उन्नति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए एवं आर्थिक उन्नति का उद्देश्य बिना पर्यावरण विनाश के विकास की धारणा होनी चाहिए, जिससे विकास की गति भी न रुके और प्राकृतिक संतुलन को भी बनाए रखा जा सके। यह तभी संभव हो सकेगा, जब हर मनुष्य पर्यावरण की महत्ता को समझे। इस अवसर पर हारगुणेंन के युवा अभिषेक, रमन, कार्तिक, अतुल, अरुण व शिव ने पौधारोपण किया और पर्यावरण बचाने का
संकल्प लिया।