मंत्री गर्ग ने जनता के बीच मनाया नए वर्ष का पहला दिन

लोगों के साथ सांझा किया दुःख, सुख, ठंडोडा में युवक मंडल के कार्यक्रम में लिया भाग

सुरिंद्र जम्वाल। बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश सरकार में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने वर्ष 2022 का पहला दिन जनता के बीच जाकर मनाया। लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी तथा उनके साथ दुख-सुख सांझा किया। लोगों के साथ मिलकर उनकी समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए आश्वास्त किया। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने शनिवार को घुमारवीं, भराडी व ठंडोडा सहित अन्य स्थानों पर जाकर लोगों से मिले। इसके बाद खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने नव वर्ष पर आर्यन यूथ क्लब ठंडोडा द्वारा आयोजित एक दिवसीय मनोरंजन से भरपूर सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा।

इस मौके पर यूथ क्लब ने म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस व निडल रेस का आयोजन किया। निडल रेस में मीनू, म्यूजिकल चेयर में प्रीतम चंद व निशी महाजन, स्पून रेस में निशा कुमारी व डांस में दिशिता धीमान विजेता रही। मुख्यातिथि राजेंद्र गर्ग ने प्रतियोगिताओं के विजेता व उपविजेता खिलाडियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों व युवाओं को संबोधित करते हुए खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि युवा किसी भी देश और समाज में बदलाव के मुख्य वाहक होते हैं। इतिहास गवाह है कि आज तक दुनिया में जितने भी क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं, चाहे वे सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक रहे हों, उनके मुख्य आधार युवा ही रहे हैं। भारत में भी युवाओं का एक समृद्धिशाली इतिहास है।

प्राचीनकाल में आदिगुरु शंकराचार्य से लेकर गौतम बुद्ध और महावीर स्वामी ने अपनी युवावस्था में ही धर्म एवं समाज सुधार का बीड़ा उठाया था। गर्ग ने कहा कि युवाओं के उत्थान के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं शुरू कर रखी है। युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने योजनाओं का गुणगान अखबारों में ही नहीं किया, बल्कि इन्हें धरातल पर भी उतारा है। गर्ग ने कहा कि दो साल कोविड-19 महामारी में जाने के बावजूद भी हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल बेमिसाल रहा है।