विधायक ने अपने निजी खर्चे से भेजी सेनेटाइजेशन वैन

एमसी शर्मा। नादौन

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई पहल करते हुए नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए सेनेटाइजेशन वैन अपने निजी खर्चे से भेजी है। यह सेनेटाइजेशन वैन सार्वजनिक स्थलों, गांव तथा दुकानों अथवा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सेनेटाइजेशन का काम करेगी, ताकि नादौन विधानसभा के लोगों को संक्रमण से बचाया जा सके। इस सेनेटाइजेशन वैन में 500 लीटर सेनेटाइजेशन सोल्यूशन की टंकी के साथ स्वचालित मशीन लगी है, जो बड़ी तेजी से सेनेटाइजेशन करती है।

विधायक सुक्खू ने कहा कि यह वैन पूरे विधानसभा क्षेत्र में सेनेटाइजेशन का काम करेगी। आज पहले दिन इस सेनेटाइजेशन वैन ने हडेटा, गाहलियां, ऊट्टप, मैड, गलोड़ खास, लहड़ा, सरेड़ी, गोइस, फाहल, पन्याली, बड़ेडा व मालग आदि पंचायतों में सेनेटाइजेशन का काम किया। इस सेनेटाइजेशन वैन का दायित्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोंटी संधू, नादौन ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक कुमार तथा उनकी युवा कांग्रेस की टीम को सौंपा गया है।