दिल्ली समेत उत्तर भारत के शेष भागों में 10 जुलाई तक पहुंचेगा मानसून,

उज्जवल हिमाचल डेस्क
देश की राजधानी और उत्तर भारत के शेष भागों का मानसून को लेकर इंतजार कुछ ज्यादा ही लंबा होता जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा अब इन क्षेत्रों तक 10 जुलाई तक मानसून के पहुंचने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। पहले आठ जुलाई तक मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई थी। नवीनतम गणितीय मौसम पूर्वानुमान माडल के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून के पश्चिमी तट और उससे सटे पूर्व.मध्य भारत समेत दक्षिण प्रायद्वीप के क्षेत्रों में आठ जुलाई से सक्रिय होने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि 11 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में पश्चिम.मध्य और उससे सटे उत्तर पश्चिम क्षेत्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह क्षेत्र ओडिशा के तट से दक्षिण और आंध्र प्रदेश के तट से उत्तर में हैं। अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर पर चलने वाली नम पूर्वी हवा, आठ जुलाई से पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में धीरे.धीरे मजबूत होंगी। इसके 10 जुलाई तक पंजाब और उत्तरी हरियाणा समेत उत्तर पश्चिम भारत तक फैलने की संभावना है।