बढ़ रही काेराेना की रफ्तार, 24 घंटे में सामने आए 93 हजार से अधिक मामले

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। दैनिक स्तर पर भी कोरोना वायरस के मामलों में पिछले कई दिनों से 90 हजार से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पिछले 24 घंटों में शनिवार को 93,337 नए मामलों के साथ देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 53 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं, इस दौरान 1,247 मौते भी हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 95,880 कोरोना वायरस मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि 93,337 नए मामले दर्ज किए गए हैं, इसी के साथ कुल मामलों की संख्या 53 लाख हो गई है।

देश में 42 लाख से अधिक लोग अब तक COVID-19 से उबर चुके हैं। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत की वसूली दर अब 79.28 प्रतिशत है, जो कि दुनिया में सबसे अधिक है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोरोने से सबसे बुरी तरह से प्रभावित होने वाला राज्य महाराष्ट्र है। राज्य में 21,656 नए कोरोना वायरस के मामले दर्ज किए गए हैं। इस अवधि के दौरान 22,078 लोग ठीक भी हुए हैं।

दिल्ली में COVID-19 मामलों की कुल संख्या 4,127 नए मामलों के साथ 2,38,828 हो गई और शुक्रवार को 30 मौतें हुईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि COVID-19 वैक्सीन के लिए लगभग 30 उम्मीदवारों का देश भर में विकास जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में पहली बार एक दिन में करीब एक लाख कोरोना के मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 42 लाख के करीब पहुंच गई है।

देश के पांच राज्यों महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं। इन्हीं पांच राज्यों में कोरोना महामारी से ठीक होने वाले सबसे अधिक मरीज भी हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 78.86 फीसद हो गई है, जबकि मृत्युदर घटकर 1.63 फीसद पर आ गई है। पिछले 11 दिनों से रोज 70 हजार से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं।