उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद 62 वर्षीय रामस्वरूप शर्मा का दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे। लेकिन अब उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा था, अचानक उनके निधन की खबर आई है। बताया यह भी जा रहा है उन्होंने आत्महत्या की है। लेकिन यह जानकारी अभी पुष्ट नहीं है। उन्होंने दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है रामस्वरूप शर्मा अपनी बीमारी की वजह से डिप्रेशन में थे। मंडी के शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर 12 मार्च को जब लोगों ने उनकी हालत देख हर कोई स्तब्ध था। उसी दिन शाम को सांस्कृतिक संध्या में भी उनके स्वास्थ्य को लेकर नेताओं में चर्चा बनी हुई थी। रामस्वरूप शर्मा खुद को मोदी का सुदामा बताते थे, उन्होंने मंडी का नाम छोटी काशी के रूप में उभारा। रामस्वरूप शर्मा ने 1985 तक एनएचपीसी में नौकरी की थी व कबड्डी के खिलाड़ी भी रहे। चंबा में इसी दौरान आरएसएस से जुड़ गए व प्रचारक बन गए। उसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा का टिकट मिला।